देखी चलनी में चेहरा न हो, अइसही बनल रहे मोर सिंहोरा में सिंदूरवा न हो..

देखी चलनी में चेहरा न  हो, अइसही बनल रहे मोर सिंहोरा में सिंदूरवा न हो..

रिपोर्ट- प्रेम शंकर पाण्डेय

सुहाग की अमरता के लिए की गई शिव पार्वती संग गणेश की पूजा अर्चना

चंद्र दर्शन के बाद सुहागिनों ने चलनी से किया पति का दीदार

कासिमाबाद (गाजीपुर)।सुहाग की अमरता की कामना के साथ गुरुवार को सुहागिन महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत रखा और शिव-पार्वती संग विघ्न विनाशक गणेश की पूजा कर अपने सुहाग को अमरता प्रदान करने का आशीर्वाद मांगा। उसके बाद उदय होने पर चंद्र का दर्शन और अर्घ्यदान कर दांपत्य जीवन में शांति व शीतलता बनाए रखने की प्रार्थना की। चलनी में दीपक रखकर पति का दीदार और उनके हाथ से जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। व्रत पर्व को लेकर महिलाओं में एक दिन पहले से ही उत्साह रहा। किसी ने खुद से मेहंदी रचाई तो किसी ने ब्यूटी पार्लर का सहारा लिया। तैयारी को लेकर बाजारों में सुबह से ही महिलाएं खरीदारी करती दिखीं।

गुरुवार को दोपहर होने के साथ महिलाएं पूजा में उपयोग किए जाने वाले पकवान बनाने की तैयारी में जुट गईं और उसके बाद सोलहो श्रृंगार किया। शाम को करवा में कुश लगाकर और व्यंजन रखकर पूजा की गई। इसमें कहीं शिव-पार्वती तो कहीं साथ में गणेश जी की भी आराधना की गई।

इस साल राहत की बात यह रही कि सुबह से ही मौसम सुहाना और रुक-रुककर हल्की बारिश होने के कारण प्यास लगने जैसी समस्या का सामना व्रती महिलाओं को नहीं करना पड़ा।