ग्रामीण पत्रकारिता दिवस पर वरिष्ठ पत्रकार होंगे सम्मानित
रिपोर्ट - प्रेम शंकर पाण्डेय
ग्रापए के संस्थापक स्व. बालेश्वर लाल की मनेगी 39 वीं पुण्यतिथि
" स्व. बालेश्वर लाल पत्रकारिता सम्मान -2026" से सम्मानित होगे ग्रामीण पत्रकार
उपजिलाधिकारी लोकेश कुमार होगे मुख्य अतिथि
कासिमाबाद (गाजीपुर)। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन(उप्र) की ओर से संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि 27 मई को पूरे प्रदेश में “ग्रामीण पत्रकारिता दिवस” के रूप में मनाई जाएगी। इसी क्रम में कासिमाबाद तहसील इकाई द्वारा बुधवार प्रात: 9 बजे तहसील कार्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है।

संवादाता से बातचीत में तहसील अध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने बताया कि कार्यक्रम में स्वर्गीय बालेश्वर लाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ एवं सक्रिय पत्रकारों को “स्व. बालेश्वर लाल पत्रकारिता सम्मान-2026” से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी लोकेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य लोग भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण पत्रकारिता को सशक्त बनाने तथा पत्रकारों के सामाजिक दायित्वों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि जिला मुख्यालय गाजीपुर स्थित शगुन पैराडाइज, टेढ़ी बाजार में दोपहर 12 बजे जिला कार्यकारिणी द्वारा भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। इसमें मंडल एवं प्रांत स्तर के पदाधिकारियों सहित जिले के सभी पदाधिकारी और सदस्य भाग लेंगे।
उन्होंने सभी तहसील इकाइयों से कार्यक्रम को गरिमामय ढंग से आयोजित करने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा कार्यक्रम की फोटो एवं समाचार जिला इकाई को उपलब्ध कराने की अपील की है।
admin