धान की फसल पर संकट, किसानों की बढ़ी चिंता
रिपोर्ट- प्रेम शंकर पाण्डेय
बेमौसम बारिश ने किसानों को पहुंचाया भारी नुकसान
कासिमाबाद (गाजीपुर) ।निकटवर्ती क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को दिनभर हो रही बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पककर तैयार धान की फसल पर संकट मंडराने लगा है। तेज हवाओं और लगातार बारिश से धान की फसल गिरने, कटे धान के भीगने तथा खेतों में जलभराव होने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। बाजार में सड़क पर कीचड़ युक्त गंदा पानी जमा हो जाने से लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है। क्षेत्र में कई किसानों ने धान की कटाई शरू कर दी है।

जबकि कुछ खेतों में फसल अभी पकने के कगार पर है। ऐसे में बारिश से कटे धान के सड़ने और खेतों में खड़ी फसल के गिरने का खतरा बढ़ गया है। जलभराव की स्थिति बनी रहने पर धान के दानों में सड़न और अंकुरण की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। बारिश का असर सब्जियों की खेती पर भी पड़ने की आशंका है। मिर्च, टमाटर, बैंगन और हरी पत्तेदार सब्जियों के खेतों में पानी भरने से पौधों की जड़ें सड़ने का खतरा है।

वहीं, खेतों में नमी अधिक होने से गेहूं, सरसों और चने की बुआई के लिए खेत तैयार करने में देरी हो सकती है। मौसम के बिगड़े मिजाज ने क्षेत्र के किसानों की चिंताए बढ़ा दी है।
admin