निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर में मरीज हुए लाभान्वित
रिपोर्ट - प्रेम शंकर पाण्डेय
ग़ाज़ीपुर(उ प्र)।राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के सहयोग तथा सौहार्द बंधूता मंच, ग़ाज़ीपुर के बैनर तले ग्राम पंचायत भवन बंजारीपुर में निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई तथा चयनित मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु वाराणसी स्थित अस्पताल भेजा गया।
शिविर में विशेषज्ञ टीम द्वारा आंखों की जांच की गई तथा मोतियाबिंद से प्रभावित मरीजों का चयन कर उन्हें उसी दिन बस एवं कार के माध्यम से निःशुल्क रूप से आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, माधोपुर, वाराणसी ले जाया गया। अस्पताल में मरीजों के लिए उपचार, लेंस प्रत्यारोपण द्वारा ऑपरेशन तथा भोजन की निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी आयोजनों का हिस्सा बनना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।
आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के क्षेत्रीय समन्वयक चंदन कुमार ने कहा कि उनका संस्थान पूरे देश में अंधत्व उन्मूलन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है

इस अवसर पर नारी संघ की अध्यक्ष तारा देवी, सामाजिक कार्यकर्ता हैदर,मेंटर डॉ. नज़मुस्साक़िब अब्बासी नदवी,सौहार्द फेलो तारिक नसीम आदि लोगों की उपस्थिति रही।
admin